दिल्ली-सहारनपुर यमुनौत्री हाईवे मार्ग पर ट्यौढ़ी गांव के पास हरियाणा रोडवेज और कैंटर में टक्कर हो गई। इससे कैंटर क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें कैंटर चालक, हेल्पर सहित 14 यात्री घायल हो गए । कैंटर के चालक को जिला अस्पताल रेफर किया। इस हादसे के कारण हाईवे करीब मार्ग एक घंटे तक अवरुद्ध रहा।
हरियाणा रोडवेज की बस नंबर एचआर 69 बी 6562 बड़ौत से सोनीपत के लिए चली । जब यह बस दिल्ली-सहारनपुर यमुनौत्री मार्ग पर ट्यौढ़ी गांव के पास पहुंची तो नरेला से दवा लेकर देवबंद जा रहें कैंटर नंबर एचआर 66 ए 8716 से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
इससे कैंटर क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक भी दब गया। इस दुर्घटना के बाद हाईवे मार्ग अवरुद्ध हो गया। इसमें कैंटर चालक को कटर से काटकर आधा घंटे बाद बाहर निकाला और गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा ।
चालक मौमीन छुर गांव का रहने वाला है। जबकि कैंटर का हेल्पर छुर निवासी विकास कुमार गंभीर घायल हुआ । जबकि तारा पत्नी रामलाल बहालगढ़ हरियाणा, सरोज पत्नी राजेंद्र सोनीपत हरियाणा को गंभीर चोटें आई हैं।
बस में सवार अन्य 10 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन वे बस से उतरकर अपने गंतव्य स्थानों के लिए चले गए। इस दुर्घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को सड़क से हटवाकर एक घंटे बाद यह मार्ग आवागमन के लिए खुलवाया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इस दुर्घटना के बाद बस का चालक बस छोड़कर भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि वहां वाहनों में सवार यात्रियों की चीखे दूर तक गूंज रही थी। ग्रामीणों की मदद से वहां से गुजर रहें वाहनों में सवार लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में पहुंचाया।
मोबाइल पर बात कर रहा था बस का चालक
बड़ौत। मौके पर यात्रियों ने बताया कि बस का चालक मोबाइल सुनते बस चला रहा था और बस की गति भी अत्यधिक थी। इस कारण दुर्घटना हुई है। यदि बस का चालक सतर्कता बरतता तो यह दुर्घटना टल सकती थी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर वृद्ध की मौत
दोघट। भड़ल पुलिस चौकी के पास ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त हो गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली सहित चालक को हिरासत में ले लिया। मुजफ्फरनगर जनपद के सोंटा गांव निवासी हरेंद्र शनिवार को ट्रैक्टर-ट्राली लेकर पुसार से बढ़ाना जा रहा था।
जब वह बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर भड़ल गांव में पहुंचा तो शराब के ठेके के पास गोपी (65) पुत्र कालूराम गांव सोंटा थाना बाबरी जिला मुजफ्फरनगर ट्रैक्टर-ट्राली में सवार हो गया। जब चालक ट्रैक्टर-ट्राली को लेकर भड़ल पुलिस चौकी के पास पहुंचा तो ब्रेकर आने के कारण वृद्ध ट्रैक्टर से गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि वृद्ध गोपी की जेब से शराब का पव्वा मिला है। वृद्ध के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।