छपरौली (बागपत)। शबगा गांव में रविवार को रालोद की सभा आयोजित की गई। जिसमें रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज उज्ज्वल ने कहा कि प्रदेश में किसानों की दुर्दशा हो रही है। किसानों की खाद लेने के लिए लाइन में खड़े हुए मौत हो रही है। वहीं, बारिश से फसल बर्बाद हो गई हैं। रालोद की सरकार से मांग है कि पूरे प्रदेश के किसानों को बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा दिया जाए।
धीरज उज्ज्वल ने कहा कि प्रदेश में रालोद गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों के कर्ज और बिजली के बिल माफ कराए जाएंगे। राष्ट्रीय सचिव सुखवीर सिंह गठीना ने कहा कि 30 अक्तूबर की बड़ौत में चौधरी जयंत सिंह की महारैली होगी। इसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों से पहुंचने का आह्वान किया। युवा जिलाध्यक्ष श्रीकांत गुर्जर ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने पार्टी के संकल्प पत्र में युवाओं किसानों और मजदूरों के उत्थान के लिए योजनाओं केा शामिल किया है। प्रदेश में सरकार बनने पर आम जनता के हित में कार्य किए जाएंगे। अध्यक्षता बाबा ब्रजपाल ने की व संचालन धर्मेंद्र मैनेजर ने किया। इस मौके पर राजू तोमर सिरसली, मुनेश बरवाला, भीम, कंवर पाल, खुशीराम, कृष्णपाल, मतेंद्र आजाद, रामपाल, जगवीरा, सुरेश, इंद्र, सरताज, विनोद, सत्तू, विकास, विजेंद्र आदि मौजूद रहे।