बागपत के बड़ौत नगर में विद्युत कर्मचारियों द्वारा चेकिंग के नाम पर की जा रही अवैध वसूली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को दूसरे दिन भी व्यापारियों ने अवैध वसूली करने के विरोध मेें बिनौली रोड पर एकत्रित होकर हंगामा किया। बाद में बैठक कर विद्युत निगम के अफसरों को आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर घेरने की रणनीति बनाई गई। साथ ही उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
व्यापारियों का कहना है कि दो दिन पूर्व मुख्य शिकायत केंद्र पर तैनात टीजी-टू किशोर कुमार और अन्य विद्युत कर्मचारी पंचवटी मंदिर के पास रहने वाली महिला उपभोक्ता कमला पालीवाल से चेकिंग के नाम पर 15 हजार रुपये वसूल ले गए थे। विरोध करने पर कर्मचारियों ने महिला व उसके परिवार के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दे डाली थी, जिससे महिला बेहोश हो गई थी। इसके विरोध मेें मंगलवार को पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार युवा संगठन के जिलाध्यक्ष रवि पालीवाल के नेतृत्व मेें व्यापारियों ने मुख्य शिकायत केंद्र पर पहुंचकर हंगामा किया था। एसडीओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। लेकिन, अब विभाग के अन्य अधिकारी उक्त कर्मचारी को बचाने में लगे हैं।
हंगामे के बाद प्रमोद पालीवाल की अध्यक्षता व आकाश बंसल के संचालन मेें हुई बैठक में उक्त कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर निगम के अफसरों को घेरने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में जेई टाऊन इंद्रपाल ने बताया कि टीजी-टू किशोर कुमार द्वारा महिला से अवैध वसूली की शिकायत मिली थी। उक्त कर्मचारी ने महिला से माफी मांग ली है और पैसे भी दे दिए है। उधर, जिलाध्यक्ष रवि पालीवाल का कहना था कि उक्त कर्मचारी ने न तो कोई पैसा दिया है और न ही लिखित में माफी मांगी है। आंदोलन जरूर होगा। एक्सईएन द्वितीय एसपी टांक ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।