बड़ौत (बागपत)। बिनौली बढ़ेड़ा दोज्जा नहर के समीप बिनौली पुलिस की सोमवार तड़के गोतस्करों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से दो गोतस्कर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने गोतस्करों से बिना नंबर की सैंट्रो कार और कई अवैध हथियार बरामद किए।
एसपी के आदेश पर आज तड़के गोतस्करों की धरपकड़ के लिए बिनौली पुलिस बुढेरा मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तेज गति से बिना नंबर की सैंट्रो कार आई। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर चालक ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर सैंट्रो कार दौड़ा ली। पुलिसकर्मियों ने कार का पीछा किया। इस पर गोतस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसकी जानकारी पाकर कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक बिनौली जयप्रकाश यादव मयफोर्स दोज्जा मार्ग पर पहुंचे। गोतस्कर खुद को घिरा देख फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस और गोतस्करों के बीच काफी देर तक मुठभेड़ चली। जिसमें दो गोतस्कर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया जबकि दो गोतस्कर फरार हो गए।
पुलिस ने घायल दोनों गोतस्करों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए गोतस्कर मोहम्मद फैजान पुत्र जुल्फिकार निवासी मोहल्ला मीर की सराय थाना नगीना जनपद बिजनौर हाल निवासी मुस्तफाबाद दिल्ली, शान मोहम्मद उर्फ सानू पुत्र मोहम्मद शरीफ निवासी खालापार गहराबाद केसर वकील की कोठी मुजफ्फरनगर हाल निवासी लोनी है। वहीं, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों गोतस्करों के कब्जे से तमंचा दो कारतूस, दो छुरे, एक रॉड, एक दाव, इंजेक्शन मय सिरिंज, सेंट्रो कार बिना नंबर व काली पन्नी बरामद की है।
कई वारदातों को दिया अंजाम
दो गोतस्करों ने जनपद में कई स्थानों पर गोकशी करना स्वीकार किया है। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों गोतस्करों ने गत दिनों बुढे़रा गांव के बाहर व जंगल में दो बार गोकशी की। इसके अतिरिक्त बड़ौत कोतवाली के कोताना और हिलवाड़ी के जंगल में भी गोकशी की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गोकशी के बाद तस्कर अवशेषों को उठा ले जाते थे। पुलिस ने फरार दोनों गोतस्करों समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, गिरफ्तार गोकशों को अदालत में पेश किया है।
बुढ़ेडा दोज्जा नहर के पास गो तस्करों के साथ हुई मुठभेड़ में घायल गौ तस्करो को लेकर जाते बिनौली पु?- फोटो : BARAUT
बागपत की बिनौली पुलिस की गिरफ्त में गोतस्कर व बरामद हथियार।- फोटो : BARAUT