बागपत। नौरोजपुर गुर्जर मार्ग पर संतोषपुर मोड़ के समीप ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दिव्या (4) की मौत हो गई, जबकि उसकी मां प्रियंका घायल हो गई। इनके अलावा बाइक चालक राहुल बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी।
नौरोजपुर गुर्जर गांव निवासी प्रियंका अपनी बेटी दिव्या के साथ रविवार को दीपावली पर्व के लिए बागपत के बाजार में खरीदारी करने आई थी। खरीदारी करने के बाद लौटते समय गांव का ही राहुल बाइक लेकर मिल गया और प्रियंका लिफ्ट लेकर बाइक पर बैठ गई। लौटते समय नौरोजपुर गुर्जर मार्ग पर संतोषपुर मोड़ के समीप पहुंचे तो ईंट ढोने वाले ट्रक ने ओवरटेक करते समय बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रियंका और उसकी बेटी दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीर दोनों को लेकर जिला अस्पताल जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दिव्या की मौत हो गई। इस मामले में जांच अधिकारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि हादसे की सूचना पर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। इसमें तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
हादसे में घायल युवक की मौत
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर रिवर पार्क के समीप कई दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल निशांत (25) निवासी सरधना जिला मेरठ की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि उसके साथी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। निशांत दिल्ली-देहरादून इकॉनोमिक कोरिडोर में ट्रक चलाता था। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।