संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर नैथला मोड़ के समीप ट्रक द्वारा कुचलने से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
रुस्तमपुर निवासी नितिन पुत्र सुरेंद्र पाल मंगलवार रात अपने साथी के साथ दिल्ली की ओर से अपने घर लौट रहा था। वे नैथला मोड़ के समीप पहुंचे तो ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे नितिन की मौके पर मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने नितिन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, कोतवाली पुलिस का कहना है कि ट्रक चालक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। संवाद
नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी
बागपत। इब्राहिमपुर माजरा गांव के विनोद कुमार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर बताया कि क्षेत्र के एक गांव के दूधिया ने रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर जून 2014 को आठ लाख रुपये लिए थे। चार माह बाद नौकरी लगवाने का वादा किया गया था। वर्ष 2017 में उनको फर्जी नियुक्ति पत्र दिया और ट्रेनिंग के नाम पर एक माह लखनऊ में ट्रेनों में घुमाया। फर्जीवाड़े की पोल खुलने पर अपने रुपये की मांग की तो उनको बंधक बनाकर यातनाएं दीं। सितंबर 2021 को 2.10 लाख रुपये का चेक दिया परंतु वह बाउंस हो गया। इस मामले में रेलवे के कर्मचारी भी शामिल हैं। वे पहले भी लोगों से नौकरी का झांसा देकर ठगी कर चुके हैं। जिनके खिलाफ मुकदमें दर्ज हैं। घटना की रमाला थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उसने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। संवाद
पत्नी को तीन तलाक
बागपत। नगर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी बहन का निकाह 12 साल पूर्व क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुआ था। वह परिवार के साथ बागपत में रहता है। आरोप है कि बहनोई का एक अन्य महिला से संबंध हैं। विरोध करने पर बहन को प्रताड़ित करता था। उसने मंगलवार को बहन को गले में फंदा लगाकर मारने का प्रयास किया। वहीं, उसे तीन तलाक दे दिया। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। इस बाबत कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद