बड़ौत के बिजरौल गांव के पास कार में लगी आग को बुझाते रालोद नेता धीरज उज्जवल
- फोटो : BARAUT
बिजरौल गांव के पास कार में लगी आग
बड़ौत (बागपत)। बुढ़ाना की ओर से बड़ौत आ रही एक नैनो कार में बिजरौल गांव के पास आग लग गई। पेट्रोल पंप के सामने अचानक कार से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसे देख पंप मालिक और रालोद नेता कर्मचारियों के साथ कार की ओर दौड़े। उन्होंने कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। बाद में अग्निशमन यंत्र से कार में लगी आग को बुझाया। लेकिन तब तक कार जलकर राख हो गई।
मेरठ निवासी मनोज बुढ़ाना से अपनी कार में सवार होकर बड़ौत किसी काम से आ रहे थे। कार में दो बच्चे भी सवार थे। कार जैसे ही बिजरौल गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंची तो अचानक कार से धुंआ निकलने लगा। यह देख पेट्रोल पंप मालिक और रालोद नेता धीरज उज्ज्वल पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को साथ लेकर कार की ओर दौड़े। उन्होंने कार में सवार बच्चों और चालक मनोज को निकाला। बाद में अग्निशमन यंत्र से कार में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया गया और कार आग की भेंट चढ़ गई। यह देख वहां पर भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में मामूली रूप से झुलसे मनोज को बड़ौत के एक निजी अस्पताल से मेरठ के लिए भेजा गया।