रजबहे मानक अनुरूप सफाई न होने पर किया हंगामा
बड़ौत। रमाला रजबहे की मानक के अनुरूप सफाई न होने पर रविवार को क्षेत्र के किसानों ने हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि कई बार सिंचाई विभाग के अफसरों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने डीएम से हस्तक्षेप कर मामले में ठेकेदार और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
रविवार को काफी संख्या में किसान सूप गांव में एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि रमाला रजबहा क्षेत्र में मुख्य पानी का स्त्रोत्र है। लेकिन इस बार भी रमाला रजबहे में चल रही सफाई को मानक अनुरूप नहीं किया जा रहा है। इससे रमाला, सूप, बरवाला और बावली गांव के किसान फसलों की सिंचाई करते हैं। लेकिन सही ढंग से सफाई न होने के कारण किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाता। आरोप लगाया कि विभागीय अफसर ठेकेदार के साथ मिलीभगत कर सफाई के लिए आयी धनराशि को डकारना चाहते है, इससे कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने डीएम से इस मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग उठायी। हंगामा करने वालों में ब्रजवीर, राहुल, नितिन, संजीव, प्रमोद, सुनील, विकास, मोहित, हरेंद्र, जयपाल शामिल रहे।