संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तहसील पहुंचकर हंगामा-प्रदर्शन किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
जिला अध्यक्ष संजीव सिंह दांगी के नेतृत्व मेें काफी संख्या में कार्यकर्ता तहसील पहुुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जंगल में आए दिन आवारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। ये फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। किसानों पर भी हमला बोल देते हैं, अब तक कई किसानों को घायल कर चुके हैं। बोहला से नैथला मोड़ तक जर्जर सड़क के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसका निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए। बड़ौत-कोताना मार्ग के निर्माण के दौरान विद्युत पोल सड़क किनारे आ गए हैं। जिस कारण आए दिन हादसे की आंशका बनी रहती है। इन खंभोे को शिफ्ट कराया जाएगा। कहा कि मलकपुर चीनी मिल पर किसानों के करोड़ों रुपये बकाया हैं, लेकिन मिल बिना भुगतान किए बंद हो गई। इससे किसान आहत हैं। एसडीएम ने उन्हें आश्वासन देकर लौटा दिया। इस अवसर पर गफ्फार, प्रमोद, राजकुमार, भारत, अंकुर, गौरव, जगपाल, धीरज, अजय, सुनील, संसार, कृष्णपाल, विकास, प्रदीप, चंद्रपाल, अनुज शामिल रहे।