रटौल में ग्राहक बनकर पहुंची आबकारी निरीक्षक तो दस रुपये ज्यादा में थमाई बीयर
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। यहां शराब के ठेकों पर अवैध वसूली हो रही हैं। यह खुद आबकारी विभाग के अधिकारियों की जांच में सामने आया है। इसलिए खेकड़ा पाठशाला के तीनों ठेकों और रटौल के एक ठेके पर 75-75 हजार रुपये का जुर्माना लगाने की तैयारी है। उनको पहले नोटिस दिया और अब जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही दोबारा से शराब व बीयर महंगी बेचने की शिकायत मिलने पर डेढ़ लाख रुपये तक का जुर्माना लगेगा और लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा।
खेकड़ा पाठशाला पर अंग्रेजी व देशी शराब के साथ ही बीयर का ठेका है। यहां काफी दिन से दस रुपये महंगी शराब व बीयर बेचने की शिकायत मिल रही थी। वहां की वीडियो बनाकर अधिकारियों के पास भेज दी गई। जिस पर संज्ञान लेते हुए आबकारी अधिकारी ने उसकी जांच कराई तो पता चला कि वहां शराब व बीयर पर दस रुपये ज्यादा अवैध रूप से वसूले जा रहे हैं। जिससे खेकड़ा पाठशाला के तीनों ठेकों को नोटिस जारी किया। उन पर 75 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त रटौल में बीयर के ठेके पर जांच करने के लिए आबकारी निरीक्षक खुद ही ग्राहक बनकर बीयर खरीदने पहुंच गए तो वहां बीयर के दस रुपये ज्यादा लिये। उस पर भी 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। अगर इन जगहों पर दोबारा से ज्यादा दाम में शराब व बीयर बेची गई तो डेढ़ लाख रुपये जुर्माना लगेगा और इनका ठेका भी निरस्त किया जा सकता है। आबकारी अधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि किसी भी ठेके पर शराब व बीयर पर ज्यादा रुपये लिए जाते हैं तो उसकी शिकायत मिलने पर तुंरत कार्रवाई की जाएगी।