राम मंदिर आंदोलन :
59 लोगों का जत्था ट्रेन से अयोध्या के लिए रवाना हुआ था
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के पूर्व प्राचार्य व कार सेवक बागपत प्रखंड के प्रमुख डा. राम गोपाल वार्ष्णेय व आरएसएस के जिला संघ संचालक राकेश कुमार जैन ने बताया कि चार दिसंबर 1992 को नगर व आसपास के क्षेत्र के करीबन 59 लोगों का जत्था ट्रेन से अयोध्या के लिए रवाना हुआ था। जत्थे को अयोध्या में बने शिविर में पहुंचने पर बताया गया कि सुबह कार सेवक अपने-अपने जत्थों में रहकर सरयू नदी की बालू लेकर विवादित ढांचे के पास डालेंगे। पांच दिसंबर को लगभग डेढ़ लाख कारसेवकों ने यही कार्य किया। अगले दिन फिर यही काम करना था। पांच दिसंबर की रात कारसेवक खासे उत्साहित थे। सभी अगले दिन होने वाली कार सेवा के बारे में पूरी रात चर्चा करते रहे।
निष्काम भाव से लिया आंदोलन में भाग
बड़ौत। डॉ. रामगोपाल वार्ष्णेय, राकेश कुमार जैन व नरेंद्र कुमार जैन का कहना है कि वह कभी संघ से दूर नहीं रह सके। भले ही राम मंदिर आंदोलन में हमने कितना भी संघर्ष किया है, लेकिन आज भी हमें पार्टी से कुछ नहीं चाहिए।
जल्द से जल्द बने भव्य राम मंदिर
बड़ौत। पट्टी चौधरान निवासी मनोज कुमार पुत्र श्री कृष्णलाल अरोरा और उनके चाचा सुनील अरोरा नेताजी सुभाषचंद्र बोस रामलीला कमेटी के तत्वावधान में मंडी में होने वाली रामलीला में दशरथ, अंगद व श्री प्रेम मंडल ठाकुर द्वारा रामलीला कमेटी में होने वाली रामलीला में लक्ष्मण व सीता का किरदार निभाते हैं। ये लोग चाहते हैं कि शिलान्यास के बाद जल्दी भव्य राम मंदिर बने। 50 वर्षों से नेताजी सुभाषचंद्र बोस रामलीला कमेटी में राम व श्री प्रेम मंडल ठाकुर द्वारा रामलीला कमेटी में दशरथ का किरदार निभाने वाले पीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रमोद गुप्ता का कहना है कि पांच अगस्त देश के हिंदू समाज के लिए बहुत बड़ा दिन होगा। श्रीराम प्रभु के दर्शन करने के लिए अयोध्या जरूर जाएंगे। साथ ही श्रीराम मंदिर भूमि पूजन और शिलान्यास पर घर में परिवार के साथ दिया जलाकर दीवाली मनाएंगे। शिवम गुप्ता श्री प्रेम मंडल ठाकुर द्वार रामलीला कमेटी से हनुमान का व दिनेश नेताजी सुभाषचंद्र बोस रामलीला कमेटी से हनुमान का किरदार निभाते थे। उनका कहना है कि पांच अगस्त को श्रीराम जन्मभूमि पूजन पर दीवाली मनाएंगे। इसके लिए 551 मिट्टी के दिये लाकर रखे हैं।