बागपत कलक्ट्रेट से एलईडी वैन को रवाना करते प्रभारी मंत्री डॉ.धर्मसिंह सैनी
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। प्रदेश सरकार के साढ़े चार वर्ष पूरे होने पर रविवार को प्रभारी मंत्री, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. धर्म सिंह सैनी ने कहा कि बागपत विकास की राह पर निरंतर बढ़ रहा है। जिले में सड़कों का जाल बिछ चुका है। चार नेशनल हाईवे बनाए गए हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र को मिल रहा है। उन्होंने यह जानकारी रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा सूबे में इंटरनेशनल एयरपोर्ट एवं दो वेटरनरी यूनिवर्सिटी बनाई जा रही हैं। वहीं, मेडिकल कॉलेज स्थापित कराए जा रहे हैं। बहन-बेटियां स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। यहां विधायक योगेश धामा, सहेंद्र सिंह, केपी मलिक, डीएम राजकमल यादव, एसपी नीरज कुमार जादौन, भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल सिंह मौजूद रहे।
डीएम राजकमल यादव ने बताया कि गोल्डन कार्ड बनाने में जिला अव्वल तथा उपचार में पांचवें स्थान पर है। जिले में 5 लाख 98 हजार 669 लोगों का कोविड रोधी टीकाकरण किया जा चुका है। इसलिए जिले का प्रदेश में दूसरा स्थान है। मातृत्व वंदना योजना अंतर्गत 8.82 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि से माताओं को लाभांवित किया है। जिले में तीन ऑक्सीजन प्लांट संचालित हैं। 2 लाख 133 परिवारों के 8 लाख 85 हजार 702 लाभार्थियों को प्रतिमाह 45 हजार 236.52 कुंतल खाद्यान्न बांटा जा रहा है। 2 लाख 133 कार्डधारकों को अन्न महोत्सव अन्तर्गत नि:शुल्क बैग बांटे। जिले में 3939 स्वयं सहायता समूहों का गठन कर 43 हजार 329 महिलाओं को जोड़ा है। 303.00 करोड़ की लागत से रमाला चीनी मिल की क्षमता बढ़ाकर 5 हजार टीसीडी की गई। तीनों मिलों से 3 हजार 432.75 करोड़ रुपये का भुगतान किया। 92.23 किमी सड़कों का निर्माण कराया। पंचायतीराज विभाग की ओर से 5 हजार 175 लाख से 43 हजार 133 व्यक्तिगत स्वच्छ शौचालय और 580.00 लाख राशि से 221 सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत 72.00 लाख रुपये से 60 पात्रों को 1.20 लाख रुपये आवास निर्माण के लिए उपलब्ध कराए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनांतर्गत पांच सौ से अधिक आबादी की सभी सड़कों को जोड़ा गया। जिले में 105.855 किमी की कुल 31 सड़कों का निर्माण कार्य कराया है।
उन्होंने बताया कि 27.90 करोड़ रुपये 39 हजार 417 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति और 2.61 करोड़ की धनराशि से शादी अनुदान योजनांतर्गत लाभार्थियों को उपलब्ध कराई। 2 हजार 891 लाभार्थियों को 8.67 करोड़ रुपये से राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ और 45.57 करोड़ रुपये से वृद्धावस्था पेंशन योजना के 23 हजार 737 पात्रों को लाभ दिया। 4.02 करोड़ की राशि से 819 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया। 4.16 करोड़ राशि से अत्याचार उत्पीड़न योजना अंतर्गत 400 पीड़ितों को मुआवजा दिया। 1.51 करोड़ राशि से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से 8 हजार 581 बेटियों लाभान्वित और 2.40 करोड़ रुपये से रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना अंतर्गत 56 लाभार्थी को लाभांवित किया। नमामि गंगे योजना अंतर्गत 77.36 करोड़ से बागपत में 14 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का निर्माण प्रगति पर है। मनरेगा योजनांतर्गत 1036.25 लाख रुपये से 12 हजार 702 परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया।
एलईडी वैन को रवाना किया
विकास की लहर हर गांव-हर शहर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से भेजी गई एलईडी वैन को प्रभारी मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी, विधायक योगेश धामा, केपी मलिक, सहेंद्र सिंह रमाला व डीएम राजकमल यादव ने कलक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वैन गांव-गांव सरकार की साढे चार वर्ष की उपलब्धियां बताएगी।