-टटीरी के रेलवे फाटक पर राहगीरों ने महिला को बचाया, दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी के रेलवे फाटक पर एक युवक ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी को रेल के आगे फेंकने का प्रयास किया। राहगीरों ने किसी तरह महिला को बचाया। उधर, तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने दो बच्चों और मृतक बहन के पांच बच्चों के साथ गांव में रहती है। आरोप लगाया कि उसके पति का गाजियाबाद की रहने वाली एक महिला के साथ अवैध संबंध है। इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। आरोप लगाया कि 28 फरवरी को उसका पति उसे गाजियाबाद में कमरे पर अपने साथ रखने की बात कहकर घर से लाया। टटीरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोप लगाया कि पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर उसे रेल के आगे फेंकने का प्रयास किया, जहां राहगीरों ने उसे बचाया। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि आरोपी पति सुंदरलाल और उसकी प्रेमिका पूजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।