बालैनी। प्रेमी संग मिलकर महिला ने पति की हत्या का प्रयास किया। पड़ोसियों ने प्रेमी को घर में घुसता देखा तो वहां पहुंचकर उसकी धुनाई कर दी। महिला के पति ने दोनों के खिलाफ थाने में शिकायत की है। पुलिस ने महिला व उसके प्रेमी को हिरासत में लिया है।
कासापुट्ठी गांव निवासी एक व्यक्ति ने बालैनी थाने में तहरीर देकर बताया कि वह तीन दिन पहले मुजफ्फरनगर में अपनी बहन के यहां गया था। वहां से देर रात अपने घर आया तो उसकी पत्नी ने खाने में नींद की गोली मिला दी। जिससे उसे गहरी नींद आ गई। इसके बाद पत्नी ने गांव के एक युवक को बुला लिया। उसे घर में घुसते हुए पड़ोसियों ने देख लिया। आरोप है कि उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर गला दबाकर उसे मारने का प्रयास किया। तब तक पड़ोसी पहुंच गए तथा उसकी पत्नी व प्रेमी को पकड़ लिया। वहां महिला के प्रेमी की धुनाई करने के साथ ही पुलिस को जानकारी दे दी। वहां पहुंची पुलिस ने उसकी पत्नी व प्रेमी को हिरासत में लिया। वहीं, इस बाबत थाना पुलिस ने बताया कि महिला व युवक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।