बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में गोवंश कटान की शिकायत करना एक व्यक्ति को मंहगा पड़ गया। आरोपियों ने रविवार को उसके घर पर हमला बोल दिया। धारदार हथियारों से हमलाकर पांच लोगों को घायल कर दिया। बाद में आरोपी पथराव करते हुए भाग निकले। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
गोवंश के अवशेष मिलने पर छिड़ा विवाद
क्षेत्र के कोताना गांव निवासी याकूब ने बताया कि पांच दिन पहले उसका एक बछड़ा लापता गया था। उसके अगले दिन खेड़ी के जंगल में कुछ गोवंश के अवशेष मिले थे। उसे शक था कि गांव के ही कुछ लोगों ने अन्य गोवंश के साथ उसका बछड़ा भी काट दिया। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत डीएम से की। डीएम ने मामले की जांच बड़ौत पुलिस को सौंपी।
इसकी जानकारी आरोपी पक्ष को लगी तो रविवार को उन्होंने याकूब के घर पर धावा बोल दिया और धारदार हथियारों से हमलाकर याकूब, उसके पुत्र महबूब, मुन्ना, बेटी अजरा, रईसा पत्नी महबूब, जिसान पुत्र मोमिन को घायल कर दिया।
हमलावर जाते-जाते मकान पर पथराव कर शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर भाग निकले।सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।