संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण अभियान अंतर्गत बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से अन्नप्राशन दिवस मनाया गया। छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया। बच्चों को खीर, हलुआ, दलिया खिलाया गया। उनकी माताओं को परवरिश के तरीके के बारे में जानकारी दी गई।
मोहल्ला औरंगाबाद में अलका शर्मा आंगनबाड़ी और पुष्पा आंगनबाड़ी के केंद्रों पर मंगलवार को अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों को मां के दूध के साथ तरल आहार शुरू कराया गया। आरबीएसके की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दीप्ति चौधरी ने अपने हाथों से बच्चे को आहार खिलाया। डॉ. दीप्ति चौधरी ने बताया कि छह माह के बाद शिशुओं के लिए स्तनपान के साथ अनुपूरक आहार देना चाहिए। छह से 8 माह के बच्चों के लिए नरम दाल, दलिया, दाल-चावल, दाल में रोटी मसलकर दूध के साथ खिला सकते हैं। दिन में दो बार फल खिलाने चाहिए। 9 से 11 माह तक के बच्चों को प्रतिदिन तीन से 4 बार, 12 माह से 2 वर्ष की अवधि में घर पर पका पूरा खाना, धुले एवं कटे फल को प्रतिदिन भोजन, नाश्ते में खिलाना चाहिए। इस दौरान सविता सिंह, पंकज जोशी, नवीन कुमार आदि मौजूद रहे।