आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे निरोजपुर गुज्जर के महिलाओं व पुरुषों ने जताई नाराजगी
पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक गांवों में ताबड़तोड़ दबिशें दीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। कोतवाली पुलिस ने निरोजपुर गुज्जर गांव के अंकित की हत्या के मामले में शनिवार को आधा दर्जन से अधिक गांवों में ताबड़तोड़ दबिशें दीं। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निरोजपुर गुज्जर गांव के काफी संख्या में महिला व पुरुष कोतवाली पहुंचे और नाराजगी जताई। वहीं, अंकित के ससुराल पक्ष के लोगों ने भी नामजदगी को गलत बताते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी कर जल्द खुलासे की मांग की।
सरूरपुर-बिहारी मार्ग स्थित एक ईंट भट्ठे से काम करके लौट रहे निरोजपुर गुज्जर गांव निवासी अंकित (28) पुत्र रोशनलाल की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। शुक्रवार को अंकित का शव दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक भूखंड में पड़ा मिला। अंकित को दो गोली लगी थी। सीओ युवराज सिंह, इंस्पेक्टर मगनवीर सिंह गिल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे तथा शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। वहीं, मृतक के भाई अरुण ने बताया था कि चार साल पहले अंकित की शादी बड़ौत में हुई थी। ससुराल वालों से उसका विवाद चल रहा था। उसकी तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के सोनू पुत्र रवि, मुकेश, बंटी निवासीगण बड़ौत व अंकित के साडू राजेश निवासी पुरबालियान जनपद मुजफ्फरनगर के खिलाफ हत्या में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
अंकित की परिजन महिलाएं व पुरुष शनिवार को कोतवाली पहुुंचे तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हंगामा किया। उनकी पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। हालांकि इंस्पेक्टर मगनवीर सिंह गिल ने उन्हें शांत कराया। वहीं, दूसरी ओर अंकित के ससुराल पक्ष से उसकी पत्नी पायल के साथ काफी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और फर्जी नामजदगी बताते हुए हत्याकांड की निष्पक्षता से जांच करके जल्द खुलासे की मांग की।
ताबड़तोड़ दबिशें, नतीजा शून्य
इंस्पेक्टर मगनवीर सिंह गिल ने पुलिस टीम के साथ सरूरपुर, बिहारी, निरोजपुर, ढ़िकाना, जौनमाना समेत अन्य कई गांवों में ताबड़तोड़ दबिशें दीं, लेकिन नतीजा शून्य रहा।
चार लोगों से पूछताछ
सीओ युवराज सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड में चार लोगों को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।