- शिक्षा निदेशक ने डीआईओएस को पत्र जारी कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पलड़ी गांव के जनता इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के चुनाव पर शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने जांच बैठा दी है। उन्होंने डीआईओएस को पत्र जारी कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। वहीं सदस्यों ने डीएम व डीआईओएस को शिक्षा निदेशक का पत्र सौंपते हुए जांच पूरी होने तक चुनाव पर रोक लगाने की मांग की।
पलड़ी गांव के महेंद्र सिंह, गोपीचंद, प्रमोद कुमार, राजपाल, विपिन आदि ने शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव को शिकायत कर फर्जी तरीके से सदस्य बनाने का आरोप लगाया था। आरोप था कि चुनाव में फर्जीवाड़ा किया जा रहा है और सदस्यों को सूचना दिए बिना ही बैठक कर ली गई। उन्होंने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की थी। शिकायत के बाद शिक्षा निदेशक ने डीआईओएस को जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। इसके बाद सदस्यों ने डीएम व डीआईओएस को शिक्षा निदेशक का आदेश सौंपकर जांच पूरी होने तक चुनाव पर रोक लगाने की मांग की। इस दौरान अमित कुमार, ओमबीर, धर्मपाल, रमेश, यशपाल, श्रीपाल, मुकेश आदि मौजूद रहे।