बागपत। आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में गोकशी करने के मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में पुलिस ने मंगलवार रात पुराने कस्बे में दबिश डाली। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, अन्य आरोपी फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों में से एक पूर्व जनप्रतिनिधि का बेटा बताया जा रहा है।
बागपत के पुराने कस्बे में गोकशी की घटनाएं आए दिन होती है। अब यहां के गोकशी के आरोपी अन्य जगहों पर जाकर भी इस तरह की घटनाएं करने लगे। इसका खुलासा मंगलवार को यहां पहुंची आगरा पुलिस ने किया। आगरा पुलिस ने पुराने कस्बे में दबिश देकर दो आरोपियों को पकड़ा है, जबकि अन्य कई भाग गए। कस्बा चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि आगरा पुलिस ने गोकशी के आरोपियों को पकड़ने के लिए यहां दबिश डाली थी। दो आरोपियों को पकड़ा है। उनके खिलाफ आगरा के फतेहाबाद में गोकशी करने का मामला दर्ज है। उन दोनों को आगरा पुलिस अपने साथ लेकर चली गई।
राजस्थान में लूट करने वाले की तलाश में दबिश, गाड़ी बरामद
बागपत। राजस्थान के अलवर जिले की पुलिस ने मंगलवार रात को पुराना कस्बा में दबिश देकर एक मकान से लूटी गई स्विफ्ट कार बरामद की। पुलिस को देखकर लुटेरा भाग गया। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा का कहना है कि अलवर में कार लूट की घटना में शामिल रहे बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस टीम आई थी, लेकिन वह पहले ही भाग गया। लूटी गई कार को बरामद करके पुलिस अपने साथ लेकर चली गई।