बड़ौत तहसील में प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
- फोटो : BARAUT
रजिस्ट्री कार्यालय पर तालाबंदी की, जुलूस भी निकाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। केंद्रीय संघर्ष समिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आह्वान पर बुधवार को वकील न्यायिक कार्य से विरत रहे। वकीलों ने तहसील परिसर में बेंच की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया और रजिस्ट्री कार्यालय पर तालाबंदी भी की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
रेवेन्यू बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आनंदपाल तोमर के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। वकील न्यायिक कार्य से विरत रहे। रजिस्ट्री कार्यालय पर तालाबंदी भी की। अधिवक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार को जनता को सस्ता व सुलभ न्याय देने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अविलंब हाई कोर्ट बेंच देनी चाहिए। कहा कि पश्चिम में बेंच स्थापना से मुकदमों का निस्तारण जल्द होगा और आम जन के धन व समय की बचत होगी। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए भी ठोस प्रबंध किए जाने चाहिए। इन मांगों के संबंध में वकीलों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुभाष को भी दिया। ज्ञापन देने वालों में सत्यपाल पंवार एडवोकेट, रोहित तोमर, वीरेंद्र शर्मा, विनोद जैन एडवोकेट, अमित वशिष्ठ, पूर्व अध्यक्ष धर्मवीर सिंह तोमर, वेदपाल, पवन शामिल रहे।