बाजार पुलिस चौकी में कार्यवाही की मांग को लेकर हंगामा करते मैडिकल स्टोर संचालक।
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। लुहारा गांव के एक युवक ने दवा न बदलने पर बृहस्पतिवार को डाकखाना रोड स्थित गोयल मेडिकल स्टोर संचालक को अंजाम भुगतने की धमकी दी। इससे मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मेडिकल स्टोर बंद कर बाजार पुलिस चौकी पर हंगामा किया। इस दौरान आरोपी युवक को बाजार स्थित चौकी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा कुर्सी बैठाए जाने पर व्यापारियों ने पुलिसकर्मियों को खरी-खोटी सुनाई।
लुहारा गांव निवासी एक युवक कुछ दिन पहले डाकखाना रोड स्थित गोयल मेडिकल स्टोर से परिवार के एक सदस्य के लिए दवा लेकर गया था। वह करीब ग्यारह बजे दवा बदलने मेडिकल स्टोर पर पहुंचा। मेडिकल स्टोर संचालक मनीष गोयल ने थोडी देर में बदलने के लिए कहा। इस पर युवक ने गालीगलौज कर दी। इतना ही नहीं उसने अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली। मनीष गोयल ने इसकी जानकारी बाजार पुलिस चौकी को दी परंतु वह नहीं पहुंची। इस पर युवक ने मेडिकल स्टोर बंद करा देने की धमकी दी। इसके चलते मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने युवक की धुनाई शुरू कर दी। इसी दौरान चौकी पुलिस पहुंची और युवक को ले गई। मेडिकल स्टोर संचालक भी पीछे-पीछे पहुंच गए। यहां चौकी पुलिस ने आरोपी को कुर्सी पर बैठा रखा था। इस पर मेडिकल स्टोर संचालकों ने शटर बंद कर दिए और हंगामा किया। इतना ही नहीं पुलिसकर्मियों को खरी-खोटी सुनाई। मामला कोतवाली पहुंचा तो प्रभारी ने किसी तरह व्यापारियों को समझा-बुझाकर शांत किया। हालांकि देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
कार्रवाई नहीं चाहते हैं
दोनों पक्ष कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। उनके बीच समझौता हो गया है।-हरीश भदौरिया, सीओ
डाकखाना रोड पर झगड़े के बाद बंद पडे मैडिकल स्टोर।- फोटो : BARAUT