शामली। जिला अस्पताल में अब डायलिसिस और वेंटीलेटर की जरूरत वाले गंभीर मरीजों की धमनी रक्त गैस (एबीजी) जांच की सुविधा उपलब्ध हो गई है। पैथोलॉजी में एबीजी का एनलाइजर इंस्टाॅल किया गया है। अब इस तरह के मरीजों को प्राइवेट में महंगी जांच नहीं करानी होगी। जिला अस्पताल में यह जांच निशुल्क की जाएगी।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में एबीजी की जांच के लिए एनलाइजर मशीन पिछले साल नवंबर में आ गई थी, लेकिन पैथोलॉजिस्ट की नियुक्ति न होने के कारण इस मशीन का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। इसे इंस्टॉल भी नहीं किया गया था। पिछले महीने जिला अस्पताल में पैथोलॉजिस्ट डॉ. अनुपम सक्सेना की नियुक्ति हुई है। पैथोलॉजिस्ट की नियुक्ति के बाद एबीजी मशीन को इंस्टॉल कराने की प्रक्रिया शुरू हुई है। अब इस मशीन को पैथोलॉजी लैब में इंस्टॉल कर दिया गया है। डॉ. अनुपम सक्सेना ने बताया कि एबीजी मशीन लैब में इंस्टाॅल हो गई है। इस मशीन से मरीज के रक्त में ऑक्सीजन और कार्बन डाइऑक्साइड के स्तर के साथ ही रक्त के पीएच संतुलन को भी मापता है। मरीज की जांच के लिए धमनी से नमूना लिया जाता है। जिला अस्पताल में पीपीपी मोड़ पर डायलिसिस यूनिट चल रही है। वेंटीलेटर भी उपलब्ध है। डायलिसिस कराने वाले व वेंटीलेटर की जरूरत पड़ने वाले मरीजों को एबीजी की जांच की जरूरत होती है। अभी तक इस तरह के मरीजों को प्राइवेट में एबीजी जांच करानी पड़ रही थी। अब यह जांच जिला अस्पताल में निशुल्क शुरू की गई है। जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अंजू जोधा ने बताया कि जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में एबीजी मशीन इंस्टॉल हो गई है। इस मशीन से मरीजों के रक्त में ऑक्सीजन और कार्बन डाइऑक्साइड की निशुल्क जांच की जाएगी।