- सांप के डसने पर डेढ़ माह पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराई गई महिला की एंटी वेनम की ओवरडोज देने के कारण मौत होने का लगा था आरोप
- भाकियू के एनसीआर महासचिव की मांग के बाद टीम का गठन, एक सप्ताह में देनी होगी टीम को अपनी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिला अस्पताल में डेढ़ माह पहले सांप के डसने पर भर्ती कराई गई भाकियू के एनसीआर महासचिव प्रदीप धामा की पत्नी सुंदर देवी की मौत के मामले में जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम का गठन किया गया है। टीम में गाजियाबाद के चिकित्सक व बागपत के सीएचसी अधीक्षक को शामिल किया गया है। टीम को एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट देनी होगी। अब जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाकियू के एनसीआर महासचिव प्रदीप धामा की पत्नी सुंदर देवी को चार नवंबर की रात में सांप ने डस लिया था। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप था कि चिकित्सक के एंटी वेनम की ओवरडोज देने के कारण महिला की मौत हुई है और इसको लेकर काफी हंगामा हुआ था। बाद में जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। डेढ़ माह तक कार्रवाई नहीं होने पर भाकियू नेताओं ने धरना दिया था। इसके बाद जल्द ही जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
भाकियू नेता ने इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक से कर कार्रवाई की मांग की थी। अपर निदेशक के आदेश के बाद फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम का गठन किया गया। इसमें गाजियाबाद के विशेषज्ञ डॉ. विशन कुमार व बागपत के डिप्टी सीएमओ डॉ. विभाष राजपूत को शामिल किया गया है। अपर निदेशक ने निर्देश दिए कि वह मामले की ठीक से जांच करें और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। सभी बिंदुओं पर जांच करने के बाद एक सप्ताह में रिपोर्ट दें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सकें। सीएमओ डॉ. तीरथलाल ने बताया कि जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञ की टीम का गठन कर दिया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।