बड़ौत (बागपत)। नगर की गांधी रोड पर स्थित एक अस्पताल में रविवार को देर शाम तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने गांधी रोड पर जाम लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ करने का प्रयास भी किया। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी परिजन उलझ गए। कई घंटे चले हंगामा के बाद आखिरकार पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया।
गांव हिलवाड़ी निवासी सौराज पुत्र स्वर्गीय सूरज मल ने रविवार को अपने तीन वर्षीय बच्चे रितिक को गला घाेंटू की बीमारी को लेकर नगर के एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया था। चिकित्सक ने कुछ घंटे तक बच्चे को अपने पास रखकर दूसरे चिकित्सक के यहां पर भेज दिया। सौराज का आरोप है इमरजेंसी पर्ची कटाने के बावजूद चिकित्सक ने बच्चे को नहीं देखा। समय से इलाज न मिलने के कारण बच्चे ने परिजनों की आंखों के सामने तड़फ तड़फ कर दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी अस्पताल कर्मियों से भी नोकझोंक हो गई।
परिजनों ने गांधी रोड पर जाम लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ करने का भी प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस से परिजन उलझ गए। सूचना पर हिलवाड़ी गांव के पूर्व प्रधान देवेंद्र अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। कई घंटे चले हंगामा के बाद आखिरकार पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। चिकित्सक डॉ. अरविंद जैन ने कहा बच्चे को पहले किसी दूसरे चिकित्सक के यहां भर्ती कराया था। जब बच्चा हमारे अस्पताल में आया तो उस समय मै दूसरे इमरजेंसी व्यक्ति के इलाज में लगा था। बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी थी। इसमें हमारी कोई लापरवाही नहीं है। हंगामा करने वालों में मनोज, तेजपाल, वकील, विपिन, रामू, शिवकुमार, राजीव, माला, राजकली, भवर कली, तेजवीरी, संगीता, रूबी, नेहा आदि रहे।