बागपत। मवी कलां गांव में सपा नेता डॉ. कुलदीप उज्ज्वल के पिता द्वारा 22 अक्तूबर की रात में दरोगा अशोक कुमार को धमकी देने के आरोप के मामले में एडिशनल एसपी विद्या सागर मिश्र ने जांच को और थोड़ा आगे बढ़ाया है। उन्होंने दरोगा अशोक कुमार और उनके साथ गोकशी के प्रयास के आरोपी पकड़ने के लिए मवी कलां गांव में गए दोनों सिपाहियों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि तीनों ने वही बातें बताई हैं, जो जीडी में तस्करे के रूप में दर्ज की गई थी। एएसपी को यह भी बताया उनके पास पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकार्डिंग भी मौजूद है।
एएसपी की जांच रिपोर्ट पर ही इस मामले की नतीजा टिका हुआ है। इस प्रकरण में लखनऊ में तैनात आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर डीजीपी एएल बनर्जी से शिकायत कर चुके हैं। इसके चलते शासन तक की नजर एएसपी की जांच रिपोर्ट पर लगी हुई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अभी तक की जांच में कुलदीप उज्ज्वल के पिता धर्मपाल चौधरी पर लगे आरोप सही साबित हो रहे हैं। हालांकि जांच में यह भी देखा जा रहा है कि दारोगा की भूमिका कैसी रही थी?
हालांकि एएसपी ने इस बारे में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि वे जल्द ही जांच रिपोर्ट एसपी को सौंप देंगे।
बागपत। सपा नेता डॉ. शकील अहमद ने प्रेस बयान जारी कर कहा मवी कलां गांव की आबादी 10 हजार है। यहां मुस्लिमों के सिर्फ दो ही परिवार हैं। वे भी अलग- अलग रहते हैं। क्या ऐसे गांव में ऐसे लोग गोकशी कर सकते हैं? उनका कहना है कि यह केस साजिश के तहत दर्ज कराया गया है।