खेल स्पर्धाओं में पटेल हाउस का दबदबा
बिनौली (बागपत)। बुढ़ेडा के श्री नेहरू स्मारक इंटर कालेज में बुधवार को स्वर्गीय कंवरपाल सिंह की स्मृति में दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसमें पहले दिन पटेल हाउस का दबदबा रहा।
प्रतियोगिता की शुरुआत मुख्य अतिथि बागपत ब्लॉक प्रमुख सुभाष गुर्जर और समाजसेवी प्रदीप पंवार ने कबड्डी सीनियर बालक वर्ग के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
ब्लॉक प्रमुख सुभाष गुर्जर ने कहा कि ग्रामीण अंचल में एक से बढ़कर एक प्रतिभाएं छिपी हैं। उन्हें उचित प्रशिक्षण और प्रोत्साहन की जरूरत है। प्रधानाचार्य कृष्णपाल सिंह ने कहा कि विद्यालय की खेल प्रतिभाओं को हरसंभव प्रोत्साहन दिया जाएगा। इससे वे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर सके।
सीनियर वर्ग में बालक वर्ग कबड्डी का मुकाबला गांधी और पटेल हाउस के बीच हुआ। इसमें 25-16 के अंतर से पटेल हाउस ने विजय प्राप्त की। इसके अलावा खोखो और वॉलीबाल स्पर्धाओं के भी मुकाबले हुए। इनमे पटेल हाउस के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। रेफरी की भूमिका मनोज शर्मा, मांगेराम, नरेश कुमार व सुशील कुमार ने निभाई। अरुण मलिक, कृष्णपाल प्रधान, प्रबंधक रामपाल सिंह, ब्रजपाल प्रधान, कैप्टन महाराम सिंह, नेहा, पिंकी चौधरी, रितेश, बिजेंद्र भाटी, कर्मवीर, सोनू आदि मौजूद रहे।