बागपत। वित्तविहीन शिक्षकों ने डीआईओएस से वार्ता न होने पर कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। चेतावनी दी जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने को बाध्य होना पड़ेगा।
मंगलवार को माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक महासभा की प्रांतीय संगठन मंत्री सरला चौधरी, रामपाल, जिलाध्यक्ष रमेश यादव, जिला महासचिव अशोक बंधु और जिला मंत्री अरुण कुमार त्यागी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शिक्षकों की समस्या के लिए डीआईओएस से मिलने पहुंचा था। यहां पर उन्हें जिला विद्यालय निरीक्षक नहीं मिले। आरोप है कि इससे पहले भी तीन बार प्रतिनिधिमंडल को डीआईओएस नहीं मिले, जिससे क्षुब्ध होकर प्रतिनिधिमंडल कार्यालय में ही धरने पर बैठ गया। नारेबाजी और प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने इसकी सूचना डीआईओएस को दी। उन्होंने बुधवार तक समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान राजेश रुहेला, नील रानी, अनीस जैन, संदीप जैन, शिवराज सिंह, प्रदीप मौजूद रहे।