बागपत। अहैड़ा गांव के विद्यालय में छात्र के बंद रह जाने के मामले को न्यायपीठ सीडब्ल्यूसी ने गंभीरता से लेकर बीएसए को नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंगलवार के अंक में अमर उजाला में %स्कूल कक्ष में बंद रह गया छात्र’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने पर सीडब्ल्यूसी ने इसका संज्ञान लिया। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी कर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के न्याय प्राधिकारी राजीव यादव एवं कुलदीप त्यागी ने बताया कि अहैड़ा गांव स्थित स्कूल में छुट्टी के बाद सब बच्चे अपने घर चले गए, लेकिन छात्र शुभम कक्ष में रह गया , जिसको शिक्षक ताला लगाकर अपने घर चले गए। छुट्टी के घंटों बाद भी जब शुभम अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्कूल पहुंचने पर शुभम उन्हें बंद कमरे में खिड़की के पास खड़ा मिला। ग्रामीणों ने स्कूल के शिक्षकों को भी फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने ताला तोड़कर शुभम को बाहर निकाला। सीडब्ल्यूसी ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत घटना का संज्ञान लेकर सीडब्ल्यूसी के न्याय प्राधिकारी राजीव यादव, डॉ. कुलदीप त्यागी और मालती शर्मा ने इसे बाल हितों के विपरीत गंभीर मामला मानकर बेसिक शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी किया है।