बागपत। बजट को लेकर विभिन्न संगठनों ने निराशा जताई है। इनका कहना है कि मध्यम वर्ग पर महंगाई की मार पड़ेगी। आमजन को कोई बड़ी राहत मिलती नहीं दिख रही है। आम आदमी की जरूरत का हर सामान महंगा होगा।
रालोद के मंडल महासचिव ओमवीर ढाका ने कहा कि हर वर्ग बजट से निराश है। युवाओं के लिए रोजगार और किसान की पैदावार के लिए अतिरिक्त बजट की व्यवस्था होनी चाहिए थी। कार्यालय पर आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बजट से उन्हें निराशा ही हाथ लगी है। अमित कुमार, योगेंद्र कुमार, शौकत, आजाद कुमार, अजहर, कपिल कुमार, श्रीपाल, दिनेश कुमार, राजकुमार और राकेश कुमार मौजूद रहे।
अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की महिला विंग की अध्यक्ष डॉ शालिनी राकेश कहती हैं कि बजट से प्रत्येक वर्ग की आशाओं पर पानी फिर गया। किसान वर्ग ही नहीं बल्कि देहात क्षेत्र के लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
युवा किसान क्लब सरूरपुर कलां के अध्यक्ष सुभाष नैन का कहना है कि हवाई घोषणाओं से किसानों को लाभ होने वाला नहीं है। बजट में किसान के लिए कोई प्रावधान ऐसा नहीं किया गया है, जिससे उसकी आय दोगुनी होने का रास्ता खुल सके। आम आदमी की जरूरत की चीजों के दाम बढ़ गए हैं। मोबाइल को आम आदमी से दूर किया जा रहा है।