बागपत। मिल का पेराई सत्र शुरू हो गया, किसानों को पर्ची जारी हो चुकी है। न तो तौल शुरू हुई और न ही मिल। किसानों का गन्ना खेतों में सूखना शुरू हो गया है। सरूरपुर कलां गांव के किसानों ने जल्द तौल को शुरू कराने की मांग की है।
बागपत शुगर मिल ने तीन नवंबर को पेराई सत्र का हवन के साथ शुभारंभ किया। तब से जब तक मिल का संचालन शुरू नहीं किया है। इस कारण क्रय केंद्रों पर तौल शुरू नहीं हुई। किसानों को जो पर्ची मिली, उसके अनुसार गन्ने की कटाई कर खेतों में डाल दिया है। इससे खेतों में गन्ना सूख रहा है। सरूरपुर कलां गांव के किसान सुभाष नैन, ओमप्रकाश, लोकेंद्र, विनोद, अमित, इंद्रपाल, रामपाल ने बताया कि क्रय केंद्र पर तौल शुरू नहीं होने से परेशानी हो रही है। जो पर्ची मिली थी उसी के अनुसार गन्ने की छुलाई कराने के बाद खेतों में डाल दिया, जो अब सूखने लगा है। इससे किसानों को नुकसान होगा। डीएम और मिल प्रशासन से जल्द मिल और तौल को शुरू कराने की मांग की।