बागपत। जिला अस्पताल में चार दिन से डेंगू की जांच किट खत्म है। सीएमएस ने दो सौ किट की लखनऊ डिमांड़ भी भेजी, लेकिन अभी तक किट मुहैय्या नहीं कराई गई। दर्जनों मरीज सोमवार को अस्पताल में पहुंचे, लेकिन जांच न होने के कारण वापस लौट गए। इस कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जनपद में डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। जिला अस्पताल में आए दिन डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण अस्पताल में बृहस्पतिवार को डेंगू की जांच किट खत्म हो गई । इस कारण कई दिन से मरीजों को वापस घर लौटना पड़ रहा है। तब से अब तक अस्पताल में किट की व्यवस्था नहीं हुई है। यह हाल तो तब है जब एक के बाद एक मरीज की बुखार के कारण मौत हो रही है। कई मरीज की तो डेंगू से ही मौत हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का रिकार्ड बताता है कि उनके यहां बुखार से कोई मौत नहीं हुई है। अधिकांश मरीजों को चिकित्सक सोमवार को डेंगू की जांच किट आ जाने की बात कर रहे थे। लेकिन सोमवार को भी किट नहीं पहुंची। दर्जनों मरीज जांच के लिए लैब में पहुंचे। वहां के स्टाफ ने उनको वापस लौटा दिया। इस कारण मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाहा का कहना है कि डेंगू की जांच किट की मांग लखनऊ भेजी गई है। जल्द ही किट अस्पताल में आ जाएगी। सीएमएस का कहना है कि अस्पताल में ज्यादातर मरीज वायरल फीवर से ग्रस्त आ रहे हैं। एक-दो मरीज मलेरिया से पीड़ित आता है। डेंगू के संदिग्ध मरीज जो आ रहे हैं वे अधिकांश बाहर के रहने वाले होते हैं।