बड़ौत (बागपत)।
दिल्ली-सहारनपुर हाइवे को बड़ौत-मुजफ्फरनगर से जोड़ने वाला लिंक रोड पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुका है। अब तो जर्जर मार्ग के कारण बुजुर्गों का भी घूमना-फिरना बंद करा दिया है। इससे बुजुर्गों मेें विभागीय अफसरों के प्रति आक्रोश पनप रहा है।
बुजुर्ग इकबाल सिंह ने बताया जब से यह मार्ग टूटा है, तब से आसपास रहने वाले बुजुर्गों का घूमना-फिरना बंद हो गया है। पहले जब यह मार्ग ठीक था तो आसपास के लोग सुबह-शाम सैर किया करते थे। बुजुर्ग चरण सिंह का कहना था कि जर्जर मार्ग होना ही नगरपालिका बड़ौत पर एक दाग की तरह है, क्योंकि बड़ौत नगर शिक्षा का हब है, यहां पर प्रतिदिन हजारों बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं, लेकिन जर्जर मार्ग के कारण उन्हें प्रतिदिन आवागमन को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सत्यपाल तोमर ने कहा कुछ दिन पहले तहसील मेें कमिश्नर साहब आये थे, उनके सामने नगरवासियों ने जर्जर मार्ग की समस्या रखी थी, उन्होंने आश्वासन दिया था और बाद में लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को सर्वे कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। सर्वे को कर लिया, लेकिन काम अभी तक शुरू नहंीं हुआ। सुभाष ने बताया कि वे इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करते हैं, लेकिन जब से यह मार्ग गहरे गड्ढों में तब्दील हुआ है, तब से आवागमन को लेकर परेशानी हो रही है। उन्होंने मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण कराने की मांग की।