बागपत। स्थानीय निकाय चुनाव में इस बार सोशल मीडिया को भी प्रत्याशियों और चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदारों ने मुख्य हथियार बना लिया है। चुनाव प्रचार को फेसबुक पर लाइव दिखाने का चलन बढ़ गया है। व्हाट्सएप के जरिये भी अधिकांश दावेदार अपनी योजनाओं का गुणगान कर रहे हैं।
जनपद में स्थानीय निकाय चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। इस बीच चुनाव लड़ने की चाह रखने वाले दावेदारों के बीच प्रचार की जंग तेज हो गई है। दिन के अलावा देर रात तक प्रचार किया जा रहा है। फेसबुक पर लाइव प्रचार दिखाया जा रहा है। इसमें प्रत्याशी अपने समर्थन में वोट मांग रहे हैं और अपनी योजनाओं को गिनवा रहे हैं। दूसरा सबसे बड़ा तरीका बन गया है व्हाट्स एप। प्रत्याशियों ने अपने-अपने निकाय में व्हाट्स एप ग्रुप बना लिए हैं, इनके जरिये मतदाताओं से वोट की अपील भी शुरू कर दी गई है। यही नहीं बड़ौत और बागपत में सोशल मीडिया के जरिये ही अधिकांश प्रत्याशी की योजनाओं को मैसेज के जरिये वोटरों तक पहुंचाया जा रहा है।
नामांकन की तिथि को लेकर ज्योतिष का गणित
बागपत। स्थानीय निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन अभी तक अध्यक्ष पद के मुख्य उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए हैं। असल में प्रत्याशी अपने समर्थकों से मशवरे के अलावा ज्योतिष की राय भी ले रहे हैं। इसी के आधार पर तिथि तय की जा रही है। नौ नवंबर को अधिक संख्या में नामांकन पत्र जमा करने की उम्मीद अधिक है।