बड़ौत (बागपत)। पिछले चार दिन तक चली मूसलाधार बरसात से अब भी सैकड़ों गांवों मेें जलभराव की स्थिति बनी हुई है। दर्जनों मकानों में दरारें आ गई हैं, उधर बारिश से बरनावा में सावेज पुत्र दिलशाद, मान पुत्र इमदाद, मास्टर अनीस कुरैशी पुत्र हमीद, शाहपुर बाणगंगा में भोपाल वाल्मीकि, बिनौली मेें पंडित रामकिशन उर्फ सुखवीर सिंह के मकान गिर गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं बड़ौत नगर मेें पूर्वी यमन नहर के पास सड़क धंसने से हादसे की आशंका है।
चार दिन से नगर व क्षेत्र मेें भारी बरसात से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। हालांकि रविवार को मौसम साफ रहा, लेकिन अब भी तहसील क्षेत्र के जौनमाना, ढ़िकाना, मलकपुर, लोयन, हिलवाडी, बिजरौल, किरठल, दोघट, बामनौली, बड़का, वाजिदपुर, गुराना, सिरसली, रंछाड़, बरनावा, बिनौली, रमाला, कोताना आदि सैकड़ों गांवों में अब भी लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। गलियों में एक से दो फुट तक गंदा पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसके अलावा दर्जनों मकानों मेें दरारें आने से उनके गिरने की आशंका बढ़ गई हैं।
नगर की कोताना रोड पर पूर्वी यमन नहर के पास सड़क धंस जाने से वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ दुघर्टना होने की आशंका है। वहीं जिस जगह जमीन धंसी है, उसके पास बड़ौत निवासी राकेश सहित आधा दर्जन मकान क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। इस संबंध में पीड़ितों ने नगरपालिका चेयरमैन अमित राणा से शिकायत भी की।