बड़ौत (बागपत)।
विगत दो माह से राशन नहीं मिलने पर रविवार को बिजरौल गांव के ग्रामीणों ने राशन डीलर के खिलाफ गांव में एकत्र होकर प्रदर्शन किया । कार्डधारकों ने राशन डीलर पर राशन वितरण न कर काला बाजी करने और महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने कहा गांव के राशन डीलर नरेंद्र की दो माह पहले राशन वितरण मेें गड़बड़ी मिलने पर दुकान निलंबित की और उसकी दुकान जलालपुर गांव के डीलर अर्जुन के यहां पर लगा दी उन्होंने कहा जब गांव के कार्डधारक जलालपुर के राशन डीलर के यहां पर राशन लेने जाते हैं तो उन्हें वहां से बिना राशन दिए ही भगा दिया जाता है। उन्होंने कहा उक्त डीलर राशन की कालाबाजारी करता है और महिला कार्डधारकों से अभद्रता करता है। कार्डधारकों ने कहा जलालपुर गांव का राशन डीलर अर्जुन है, लेकिन उसके स्थान पर एक अन्य व्यक्ति दुकान को संचालित कर रहा है। हर महीने राशन वितरण न करें कालाबाजारी की जा रही है। राशन न मिलने के कारण परिवार के बच्चे, महिलाएं व बुजुर्गो को भूखमरी का सामना करना पड़ रहा है, कई बार प्रशासनिक अफसरों सहित विभागीय अफसरों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने समस्या का जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
इनमें सुदेश, पुरुषोत्तम, शीतल, बिल्लू, राज कुमार, धर्मपाल, विजय, सत्यवीरी, ओमकारी, सोनम, रीना, दिशा, पुनीत आदि रहे। इस संबंध में राशन डीलर अर्जुन ने कहा राशन सही ढंग से वितरित किया जा रहा है। कोई गड़बड़ी नहीं हो रही। आरोप निराधार है। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने कहा शिकायत मिली है, जल्द ही जांच कर कार्रवाई होगी।