बड़ौत (बागपत)। ठंड होने के कारण परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम होने लगी है। अभिभावक पढ़ाई से अधिक बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान दे रहे हैं।
जिले में शीत लहर को देखते हुए डीएम के आदेश पर सरकारी विद्यालयों की छुट्टी भी घोषित की गई थी, लेकिन जब छुट्टियों के बाद सरकारी विद्यालय खुले, उनमें बच्चों की संख्या कम हो गई। तमाम बच्चों ने ठंड के चलते स्कूल जाना ही छोड़ दिया है। शिक्षकों का कहना है कि ठंड को देखते हुए विद्यालयों का समय बदल दिया गया है, लेकिन अभी बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं।
इस संबंध मेें एबीएसए विनोद वर्मा का कहना था कि यह बात सही है कि ठंड के चलते विद्यालय मेें बच्चों का अनुपात कुछ कम हुआ है, लेकिन हमारा प्रयास रहता है कि विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चे उपस्थित हों। उधर बृहस्पतिवार को करीब 11 बजे धूप निकली तो कुछ राहत मिली, लेकिन इसका असर शाम चार बजे तक दिखा, फिर गलन बढ़ने लगी।