बागपत। डीएलएड की परीक्षा छूटने पर सोमवार की शाम नगर के कोर्ट रोड पर राष्ट्र वंदना चौक तक जाम लग गया। जाम में मरीज को ले जा रही एंबुलेंस फंस गई। कोतवाली पुलिस ने वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया।
डीएलडए की परीक्षा के लिए नगर के श्री यमुना इंटर कालेज व राजकीय कन्या इंटर कालेज दो केंद्र बनाए गए है। सोमवार को शाम की पाली में हुई डीएलएड की परीक्षा छूटने पर कोर्ट रोड पर जाम लग गया। मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मेरठ रोड की ओर राष्ट्रवंदना चौक व शहर में कोर्ट रोड, सिसाना रोड पर जाम लग गया। मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मार्ग से वाहनों को हटवाकर एंबुलेंस को निकलवा कर जाम खुलवाया। तब कहीं मार्ग पर आगवामन शुरू हुआ।