बागपत जिले में जालसाली का एक और मामला सामने आया है। खुद को सीबीआई अफसर बताकर ढाई लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, एक कार और एसआई की टोपी भी मिली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
फैजपुर निनाना गांव निवासी अजीत सिंह ने एसपी अभिषेक सिंह से शिकायत कर बताया था कि एक व्यक्ति ने उससे ढाई लाख रुपये ठग लिए हैं। आरोपी ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया और नौकरी दिलाने का वादा किया।
एसपी ने साइबर सेल प्रभारी नितिन पांडेय को जांच सौंपी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। सोमवार को पुलिस ने फैजपुर निनाना गांव के पास से ही कार से जा रहे आरोपी को दबोच लिया। उसके कब्जे से पुलिस के एसआई पद के लिए प्रयोग में लाई जाने वाली टोपी भी बरामद हुई है। इसके अलावा अलग-अलग नाम के दो आधार कार्ड मिले हैं।
विज्ञापन
एसपी ने बताया कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ अन्य कई मुकदमे भी दर्ज बताए गए हैं, जिनकी डिटेल्स निकलवाई जा रही है। वह सहारनपुर के एक मामले में पहले भी जेल जा चुका है।