बड़ौत (बागपत)।
जनपद के पुलिस कर्मियों ने शहीद सिपाही अंकित के परिवार की मदद के लिए स्वेच्छा से एक दिन का वेतन कटवाकर धनराशि एकत्र की। एएसपी अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को वाजिदपुर गांव में पहुंचकर एकत्र 6.60 लाख रुपये की धनराशि सिपाही शहीद अंकित के परिजनों को भेंट की।
विगत दिनों कैराना पुलिस ने मुठभेड़ में एक लाख के इनाम बदमाश साबिर को मार गिराया था, लेकिन मुठभेड़ में वाजिदपुर गांव का सिपाही अंकित तोमर शहीद हो गया था। शहीद की श्रद्धांजलि सभा में बागपत के एसपी जयप्रकाश ने घोषणा की थी कि वे बागपत जनपद के पुलिसकर्मियों के एक दिन के वेतन से एकत्रित धनराशि शहीद के परिवार को देंगे। बागपत जनपद से 6.60 लाख रुपये की धनराशि पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से एक दिन का वेतन देकर एकत्रित की। एएसपी अजय कुमार सिंह, सीओ रामानंद कुशवाह, एसएसआई हेमेंद्र बालियान, थानाध्यक्ष दोघट चितवन सिंह मंगलवार को वाजिदपुर गांव में पहुंचे और उन्होंने 6.60 लाख की धनराशि में से शहीद के पिता जयपाल सिंह को तीन लाख दो हजार रुपये और शहीद की पत्नी नेहा को 3.58 लाख रुपये की धनराशि दी।