बड़ौत (बागपत)। दिल्ली रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में तालाब के पानी की निकासी न होने के कारण वहां के लोग गंदगी की मार झेल रहे हैं। इसे लेकर कॉलोनी वासियों ने प्रदर्शन कर जलनिकासी की मांग उठाई।
कॉलोनी के लोगों का कहना था कि नाग बाबा मंदिर के पास एक तालाब है, जिससे पानी की निकासी काफी दिनों से नहीं हो रही है। यह तालाब पानी से लबालब हो चुका है। जिस कारण नालियों का पानी आम रास्ते पर आ गया और नलकूप का पानी भी खराब हो गया है। गंदगी घरों में पहुंच रही है और कांशीराम कॉलोनी के मकानों में भी दरार आने लगी है। कालोनी में संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका पैदा हो गई है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र तालाब के पानी की निकासी नहीं कराई गई तो वे तहसील पर धरना देंगे। इस मौके पर रश्मि धारीवाल, सरला, संजीव, जरीना, हेमेंद्र, बालेश, अमित, अनिता, रेखा, सोनिया, रोहन, रणवीर, सोनिका, रश्मि आदि मौजूद रहे।