खेकड़ा (बागपत)। समान कार्य, समान वेतन और समायोजन की मांग को लेकर जनपद की सभी सीएचसी, पीएचसी पर तैनात एनएचएम संविदा कर्मी सोमवार से कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर रहेंगे।
ब्लाक क्षेत्र समेत जनपद भर में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत चिकित्सक, पैरा मेडिकल और आफिस स्टाफ तैनात हैं। समान कार्य पर समान वेतन और समायोजन की मांग सहित अन्य मांगों को लेकर एनएचएम के तहत कार्यरत संविदा कर्मियों ने 21 जनवरी से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। प्रदेश भर में करीब 75 हजार संविदा कर्मियों के साथ बागपत जनपद में भी संविदा कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। संविदा कर्मियों ने सरकार पर वादा खिलाफी करने का आरोप लगाया। एनएचएम आयुष चिकित्सक संगठन के डॉ. मनीष त्यागी ने बताया कि उनके प्रांतीय पदाधिकारियों की सरकार के प्रतिनिधियों से वार्ता चल रही है। यदि वह विफल रहेगी तो उनका संगठन भी हड़ताल में शामिल होगा।