बिनौली (बागपत)। जिवाना गुलियान के गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में चौधरी चरण सिंह विचार मंच के तत्वावधान में रालोद कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, इसमें आंबेडकर जयंती पर खेकड़ा में होने वाले आयोजन को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई और समिति बनाकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी।
बैठक में रालोद जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना ने कहा कि बीआर आंबेडकर और चौधरी चरण सिंह ने पूरे जीवन पिछड़ों, दलितों और दबे कुचलों के हकों के लिए काम किया। उन्होंने कहा आंबेडकर ने संविधान के निर्माण में बड़ी भूमिका निभाई और दलितों, अनुसूचित जातियों के लोगों को आरक्षण दिलाया, वहीं चौधरी चरण सिंह ने भी दलितों के उत्थान के लिए कार्य किए। जमींदारों से जमीन छुड़वाकर दलितों को दिलवाई। जमींदारी खात्मे का सबसे ज्यादा फायदा गरीबों व दलितों को जमीन मिलने का हुआ। प्रो. बलजीत सिंह आर्य ने आंबेडकर को दलितों और चौधरी साहब को गरीब किसान मजदूरों का मसीहा बताया।
बैठक में खेकड़ा की जाटव चौपाल में होने वाले आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति गठित की, इसको अधिक से अधिक लोगों को ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी । इसकी अध्यक्षता डॉ. बलजीत सिंह आर्य ने की। संचालन ब्रजमोहन शर्मा ने किया। इसमें अजय सोलंकी, श्रीपाल धामा, संजय प्रधान, दिनेश कुमार, सुशील वत्स, वेदपाल सिंह, बिजेंद्र सिंह, राजीव खोखर, ऋषिपाल सिंह, नितिन शर्मा, सुधीर तोमर रंछाड़, विनोद तोमर आदि मौजूद रहे।