बागपत जिले के बदरखा गांव में पंचों ने एक प्रेमी युगल को हुकुम दिया है कि या तो वे गांव छोड़कर चले जाएं या फिर मरने के लिए तैयार रहें।
दूसरी ओर साथ रहने की जिद पर अड़े इस युगल ने पंचायती फरमान की परवाह न करने का ऐलान कर दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि अभी तक पंचायत के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
बदरखा गांव से 25 साल की एक विवाहिता गांव के ही एक युवक के साथ पांच दिन पहले फरार हो गई थी। पुलिस ने विवाहिता को शनिवार सुबह बरामद कर उसके ससुरालियों को सौंप दिया।
इसके बाद भी वह उसी युवक के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। युवक ने भी कह दिया कि वे दोनों साथ जीने की कसम ले चुके हैं, अब जुदा नहीं रह सकते।
दोनों की जिद देख गांव में शाम को छह बजे पंचायत बुलाई गई। इसमें मौजूद लोगों ने कहा कि इस प्रकरण ने गांव को बदनाम कर दिया है। इससे पहले गांव में कभी ऐसा नहीं हुआ।
युवक का परिवार मूल रूप से बावली का रहने वाला है। पंचों ने युवक और उसके परिवार से तीन दिन में गांव छोड़कर चले जाने के लिए कहा। उन्हें यह भी धमकी दी गई है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो मौत के घाट उतार दिया जाएगा।
दूसरी तरफ विवाहिता ने कहा कि वह उसी के साथ रहेगी। इस पर पंचायत ने युगल से कहा कि अगर दोनों को साथ ही रहना है तो रविवार सुबह गांव छोड़कर चले जाएं। गांव का माहौल नहीं बिगड़ने दिया जाएगा। अगर ऐसा नहीं किया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
उधर, एसओ छपरौली सुबोध यादव का कहना है कि गांव से लापता हुई विवाहिता को बरामद कर उसके परिवार को सौंप दिया गया था। इसके बाद गांव में पंचायत हुई, ऐसी कोई जानकारी नहीं है।