जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मसोना गांव निवासी युवक पत्नी के जिंदा रहते उसकी हत्या के आरोप में 13 माह जेल की सजा काट कर वापस लौटा है। दूसरी तरफ पुलिस ने उसकी पत्नी को भी इटावा से प्रेमी के साथ बरामद किया है। अब पीड़ित सजा दिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। शुक्रवार को उसने जीयनपुर कोतवाली पर इस बाबत तहरीर भी दी है। एसपी ने मामले की जांच कराने और दोषी मिलने पर विवेचक के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा है। इसके अलावा कार्रवाई की जद में वो लोग में भी होंगे। जिन्होंने फर्जी मुकदमा दर्ज कराया था।
मसोना गांव निवासी दीपू पुत्र राजेंद्र की 2019 में मऊ जिले के घोसी कोतवाली अंतर्गत छोटी डांडी गांव निवासी मंगरू की पुत्री रूचि से हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद रूचि घर छोड़ कर लापता हो गई। वह अपने साथ जेवरात आदि भी उठा ले गई। इस बाबत दीपू ने जीयनपुर कोतवाली में मुकदमा भी पंजीकृत कराया। इसके बाद रूचि की मां माया देवी ने जीयनपुर कोतवाली में दहेज के लिए पुत्री की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दिया। इसमें माया ने पति दीपू, ससुर राजेंद्र व जेठानी विनीता ने को आरोपित किया था। पुलिस मुकदमा दर्ज कर विवेचना के बाद दीपू को गिरफ्तार कर जेल भेजी। 13 माह तक जेल में रहने के बाद वह वापस लौटा। वहीं जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने रूचि को इटावा से उसके प्रेमी के साथ पकड़ लिया। पत्नी की हत्या के आरोप में फर्जी जेल की सजा काट चुके दीपू को जब इसकी जानकारी हुई तो वह शुक्रवार को जीयनपुर कोतवाली पर पहुंचा और पत्नी रूचि की मां माया देवी व मामा निरंजन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दिया। इस बाबत एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि शिकायत मिली है, जिसकी जांच कराई जाएगी। यदि दीपू को जेल भेजे जाने के मामले में तत्कालीन विवेचन की गलती पायी जाएगी तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। वहीं दीपू ने भी तहरीर दिया है, जिसकी विवेचना के बाद निश्चित तौर पर संबंधित पर कार्रवाई होगी।