रानी की सराय थाना क्षेत्र के ऊंचीगोदाम के पास बृहस्पतिवार की रात बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की शुक्रवार की देर रात इलाज के दौरान वाराणसी में मौत हो गई।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के करौती गांव निवासी राशिद (19) पुत्र नासिर बृहस्पतिवार को अपने चचेरे भाई आफताब के साथ बाइक से किसी काम के लिए आजमगढ़ आ रहा था। अभी वे रानी की सराय थाना के ऊंची गोदाम गांव के पास ही पहुंचा था, इसी दौरान सामने आ गए कुत्तों को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में राशिद के सिर में गंभीर चोट आई तो वहीं चचेरा भाई आफताब बाल-बाल बच गया। चचेरा भाई ग्रामीणों की मदद से उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाकर भर्ती कराए जहां शुक्रवार की देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक चार भाईयों में दूसरे नंबर पर था। शनिवार की सुबह परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया।