अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और होली के उपलक्ष्य में नारी शक्ति संस्थान की ओर से रैदोपुर स्थित एक होटल में नारी शक्ति सम्मान समारोह और होली मिलन समारोह 2022 का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए पूर्वांचल के कई जिलों की 50 से अधिक नारी शक्तियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान 20 महिलाओं ने संस्थान की सदस्यता ग्रहण की।
समारोह की शुरुआत संरक्षक मंडल और पदाधिकारियों ने मां दुर्गा के चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि श्रीमती डॉ. हेमा पंत ने कहा कि महिलाएं समाज और संस्कृति की केंद्र बिंदु हैं, यह किसी को बताने की जरूरत नहीं है। किसी केंद्र बिंदु को कभी समाप्त नहीं किया जा सकता। महिलाओं के योगदान के बगैर सभ्य समाज, खुशहाल राष्ट्र की कल्पना भी नहीं की जा सकती। हमारा संस्कार आधी-आबादी की जंजीर नहीं बल्कि आत्मविश्वास है। विशिष्ट अतिथि वाणिज्य कर अधिकारी, जौनपुर वनिका सिंह ने कहा कि एक महिला दूसरी महिला का साथ दे तो महिला सशक्तीकरण की चैन बन जाएगी। महिलाएं परिवार, समाज, राष्ट्र को सभ्य, संतुलित कर सकती हैं। हमें अपने काबिलियत को पहचानना होगा।
अंत में सभी का आभार प्रकट करते हुए सचिव डॉ. पूनम तिवारी ने कहा कि समारोह के आयोजन का उद्देश्य नारी शक्तियों को एकजुट करना और उनके हाथों को मजबूत करना है। अध्यक्षता कर रहीं डॉ. मनीषा मिश्रा ने कहा कि महिलाएं खुद को असहाय और कमजोर न समझें । अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मऊ की पूजा राय, जौनपुर की गीता पांडेय, प्रीति श्रीवास्तव, वाराणसी की डॉ. विभा मिश्रा, आजमगढ़ की खुशबू राय, एसएचओ मधु पणिका को नारी शक्ति सम्मान से नवाजा। इसके अलावा जिले की 50 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया।