बारिश के बाद डीएवी तिराहे पा जल जमाव।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। आसमान में बदली होने और धूप होने के सिलसिले के कारण दो दिनों से भीषण उमस भरी गर्मी पड़ रही थी। रविवार को 11 बजे के बाद से अचानक ही आसमान में काले बादल छा गए। देखते ही देखते आधा घंटा तक जमकर मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान कई क्षेत्रों में घुटने तक पानी भर गया। जिससे आवागमन में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कई दिनों से जिले में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे के बाद आधा घंटे तक जमकर बारिश हुई। बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह जलभराव हो गया। डीएवी तिराहा पर तो ऐसा प्रतीत हो रहा था कि ाढ़ आ गई हो। लोगों को घुटने भर पानी में होकर आना-जाना पड़ा। कुछ ऐसा ही हाल नेहरु हाल से एसपी आफिस वाले मार्ग पर भी था। कुछ ऐसा ही नजारा राजकीय बालिका विद्यालय से गांधी तिराहा तक देखने को मिला। दलालघाट से हर्रा की चुंगी तक तो टूटी सड़क के गड्ढ़ों में पानी भर जाने से पैदल भी चलना दुभर हो गया था। वहीं एसपी कार्यालय के मुख्य गेट पर भी हालत कुछ ठीक नहीं थे। बारिश के चलते मुख्य गेट वाले रास्ते पर पानी जमा हो गया था। उधर गांव में बारिश से किसान खुश हैं। उनका कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद है।