सगड़ी/लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 10 वर्षीया बालिका शुक्रवार की भोर में रास्ते पर अर्धनग्नावस्था में बेहोशी की हाल में मिली थी। जिसकी शनिवार की रात मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों व ग्रामीणों ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था लेकिन अब तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। मौत की सूचना पर शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।
10 वर्षीया बालिका बृहस्पतिवार की रात अपनी मां के साथ सो रही थी। भोर में मां की नींद खुली तो वह गायब थी। मां ने सोचा की वह शौच आदि के लिए गई होगी। उजाला होने पर गांव के लोग टहलने के लिए निकले तो बच्ची घर से कुछ दूर रास्ते पर अर्धनग्नावस्था में बेहोश पड़ी थी। परिजन उसे लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उसे जीयनपुर कस्बा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले जाकर भर्ती कराए। रौनापार थाने को घटना की जानकारी हुई तो शुक्रवार की रात ही लड़की को जिला महिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान शनिवार की देर रात बच्ची की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतका चार बहन व एक भाई में तीसरे नंबर पर थी। जब बच्ची सड़क पर बेहोश मिली थी तो दशा देख कर परिजन व ग्रामीण दुष्कर्म की आशंका जता रहे थे, लेकिन बच्ची की मौत के बाद भी अब तक इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। एसओ रौनापार अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि अब तक परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।