एफसीआई गोदाम पर मतपेटिकाओं की सुरक्षा को लेकर तैनात सुरक्षाकर्मी।
- फोटो : AZAMGARH
विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को हुए मतदान के बाद रात एक बजे तक ईवीएम बेलइसा स्थित एफसीआई गोदाम और चकवल स्थित एफसीआई गोदाम में बने स्ट्रांग रूम में जमा होती रही। इस दौरान सड़क पर वाहनों की कतार लगने से जाम की स्थिति बनी रही। दोनों स्ट्रांग रूमों के चारों तरफ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सीसी कैमरे से निगरानी की जा रही है। वहीं प्रत्याशी तथा उनके प्रतिनिधि भी यहां टेंट डालकर नियमित निगरानी कर रहे हैं।
देर रात तक पोलिंग पार्टियां ईवीएम के साथ वाहन से एफसीआई गोदाम चकवल और बेलइसा में पहुंचती रहीं। इससे बेलइसा, रानी की सराय व चंडेश्वर रोड पर पोलिंग पार्टियों के वाहनों की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति शाम को बन गई। पीठासीन अधिकारी स्ट्रांग रूम में एक-एक कर ईवीएम जमा कराते रहे। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य और जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी की देखरेख में स्ट्रांग रूम पर तैनात कर्मचारियों ने प्रत्येक ईवीएम को ठीक से जांच करने के बाद विधानसभा क्षेत्र व बूथवार मिलान के बाद जमा किया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल मिश्रा ने बताया कि पोलिंग पार्टियों की ओर से लाई गई ईवीएम का मिलान आदि के बाद ही उसे कड़ी सुरक्षा के बाद स्ट्रांग रूम में जमा करवा दिया है। उन्होंने बताया कि मतदान के बाद प्राप्त ईवीएम को स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रखवा दी गई है। करीब एक बजे रात तक तक वोटिंग मशीन जमा हो चुकी थीं। ईवीएम की सुरक्षा के लिए अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं। सीसी कैमरे से भी निगरानी की जा रही है। दोनों स्ट्रांग रूमों के बाहर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। प्रत्येक आठ घंटे के अंतराल पर जिला स्तरीय अधिकारी को मजिस्ट्रेट के रूप में लगाया गया है। नियंत्रण कक्ष से सभी विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम की निगरानी की जा रही है।
चकवल में बनाए गए विधानसभावार गेट
रानी की सराय। चकवल स्थित एफसीआई गोदाम में बने स्ट्रांग रूम में पांच विधानसभाओं की ईवीएम रखी गई है। इसमें विधानसभा लालगंज, मेंहनगर, निजामाबाद, दीदारगंज व फूलपुर-पवई शामिल है। सभी विधानसभाओं के लिए अलग-अलग गेट बनाए गए हैं। कुल पांच गेट बनाए गए हैं। जहां प्रत्याशी व उनके समर्थक जाकर मतगणना की जानकारी ले सकेंगे।
डीएम और एसपी ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
रानी की सराय। जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मंगलवार को चकवल स्थित एफसीआई गोदाम में बने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा को सुदृढ़ रखने का निर्देश संबंधित को दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कोई भी कर्मचारी बिना सूचना दिए यहां से बाहर नहीं निकलेगा। बाहरी व्यक्ति भी कक्ष में नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई तो संबंधित को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।