बिलरियागंज कस्बा के पुराने चौक पर होली के दिन डीजे पर भगवा गीत बजाने को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में तब्दील हो गया। जिसमें दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर बिलरियागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया। इसके साथ ही डीजे को संचालक समेत थाने लाकर खड़ा करा दिया।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के गंजोर गांव में बृहस्पतिवार की रात सब्जी विक्रेता कमलेश वर्मा(43) पुत्र दुखरन को उसके गांव के ही कुछ दबंग किस्म के लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के समय कमलेश ठेले पर सब्जी बेच कर घर लौट रहा था। परिजन उसे स्थानीय अस्पताल ले गए जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल कमलेश के भतीजे धीरज ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।